चार दिन से बंद थी शॉप, फ्रीजर में कहां से आया शव? लखनऊ हत्याकांड में बड़ा खुलासा


 चार दिन से बंद थी शॉप, फ्रीजर में कहां से आया शव? लखनऊ हत्याकांड में बड़ा खुलासा

लखनऊ के बीकेटी इलाके में चंद्रिका देवी रोड पर फुटपाथ पर टट्टर डालकर बनाई गई एक वेज बिरयानी की दुकान में 30 वर्षीय युवक विजयपाल की हत्या कर शव फ्रीजर में छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात का खुलासा तब हुआ जब चार दिन से बंद पड़ी दुकान का मालिक रविवार को वहां पहुंचा और फ्रीजर खोलते ही अंदर शव देखकर उसके होश उड़ गए।

हत्या के बाद फ्रीजर में छिपाया शव

पुलिस के अनुसार विजयपाल मदारीपुर किशुनपुर के रहने वाले थे। वे हरियाणा में नौकरी करते थे और हाल ही में घर आए थे। परिजनों के मुताबिक वह शुक्रवार दोपहर घर से निकले थे, जिसके बाद से लापता थे। फोन स्विच ऑफ मिलने पर परिवार को अनहोनी की आशंका थी। रविवार को जब दुकान मालिक सनी, जो माल थाना क्षेत्र के मंझी निकरोजपुर गांव का निवासी है, कुछ सामान लेने दुकान पहुंचा तो फ्रीजर में युवक का शव पड़ा मिला। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या

मौके पर इंस्पेक्टर बीकेटी और एसीपी सहित पुलिस व फोरेंसिक टीम पहुंची। जांच के दौरान दुकान से शराब की खाली बोतलें, गिलास और नमकीन के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि दुकान में शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद विजयपाल की हत्या कर दी गई। शव को छिपाने के लिए उसे खराब पड़े फ्रीजर में डाल दिया गया ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने मौके से फिंगरप्रिंट भी जुटाए हैं और साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

4 दिन से बंद थी वेज बिरयानी की शॉप

दुकान मालिक के पिता का 26 फरवरी को निधन हो गया था और सोमवार को शांतिपाठ था, लिहाजा कई दिन से दुकान बंद थी। रविवार को शनि दुकान से कुछ सामान लेन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने फ्रीजर खोला तो उसमें एक युवक का शव मिला। पुलिस कंट्रोल रूम को सनी ने सूचना दी। बीकेटी इंस्पेक्टर व एसीपी मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता डलई और अन्य परिजनों ने शव की पहचान आधार कार्ड से की। उन्होंने बेटे की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक का पत्नी से अलगाव था

विजय के चचेरे भाई भानू ने बताया कि वह पहले वाई-फाई इंस्टॉलेशन का काम करते थे और दिल्ली में भी काम कर चुके थे। पत्नी से अलगाव के बाद से वह बीकेटी में रह रहे थे और शराब पीने लगे थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों की तलाश में जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments