बजट सत्र 31 से ,वक्फ बोर्ड संशोधन बिल हो सकता है पास

 

             बजट सत्र 31 से ,वक्फ बोर्ड संशोधन बिल हो सकता है पास

शिखर प्रसंग समाचार

 संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू हो रहा है। इससे पहले आज वक्फ कानूनों में संशोधनों से संबंधित विधेयक पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की रिपोर्ट लोकसभा स्पीकर ओम बिराल को सौंप दी गई।समिति कि अध्यक्ष जगदम्बिका पाल के साथ समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। वक्फ बिल इस बजट सत्र में पास हो जाने की संभावना जताई जा रही है। वैसे अगस्त में मानसून सत्र के दौरान पेश किए जाने के समय से ही विपक्ष वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करता रहा है। जेपीसी की बैठक के दौरान भी यह देखने को मिला। यहां तक कि तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी पर बैठक के दौरान पानी की बोतल तोड़ने और खुद को घायल करने के साथ ही अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने उनपर गाली देने तक आरोप लगाया था।

 बताते हैं कि एक फरवरी को बजट पेश होने के बाद संसद को दोनों सदनों में कुल 62 विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। इनमें वक्फ संसोधन और एक राष्ट्र, एक चुनाव जैसे विधेयक भी शामिल हो सकते हैं जिनके जरिए मोदी सरकार अपना दम दिखाएगी तो विपक्ष भी पूरी ताकत झोंकने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगा। इमिग्रेशन और फॉरेनर्स बिल, ऑफिशियल सीक्रेट्स बिल, संसद (रोकथाम और अयोग्यता) विधेयक, बैंकिंग और बीमा संशोधन विधेयक, एनआरआई के विवाह पंजीकरण विधेयक और उच्च शिक्षा आयोग विधेयक भी इसी सत्र में पेश होने वाले विधेयकों की सूची में शामिल हैं।

संसदीय कार्य मंत्रालय ने सभी संबंधित मंत्रालयों को इन प्रस्तावित विधेयकों की सूचना दे दी है ताकि वे अपने-अपने विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी के लिए ले जा सकें। सूत्रों के मुताबिक, इमिग्रेशन और फॉरेनर्स बिल सरकार की प्राथमिकता सूची में है। इस विधेयक का पूरा विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही इसका खुलासा होगा। अभी भारत में विदेशियों के आने-जाने और रहने को लेकर कई कानून हैं। जैसे, फॉरेनर्स एक्ट, 1946, पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) अधिनियम, 1920 और विदेशियों के पंजीकरण अधिनियम, 1939।

Post a Comment

0 Comments