उन्नाव में साधु की हत्या से बवाल, आरोपी के अवैध निर्माण पर गरजा बुलडोजर, हिरासत में 3 आरोपी
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बांगरमऊ क्षेत्र के निर्माणाधीन मंदिर में रहने वाले साधु मिलनदास की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है. साधु की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है, वहीं पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कड़ी पुलिस निगरानी के बीच कराया गया.मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पूजा-पाठ को लेकर जताया हत्या का शक
मृतक के परिजनों का आरोप है कि साधु मिलनदास मंदिर में पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन करते थे, जिससे कुछ लोग नाराज रहते थे. परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. उन्होंने इस घटना को केवल एक संत की हत्या नहीं बल्कि सनातन संस्कृति पर हमला बताते हुए शासन और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
आरोपी के घर पर चलाया बुलडोजर
हत्याकांड में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी अतीक के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया. बताया जा रहा है कि अतीक के हाते में बनी झोपड़ी में ही पुजारी मिलन दास की हत्या की गई थी. नगर पालिका प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध हाते को ध्वस्त किया. कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पीएसी और पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है. वहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
तीन टीमें गठित
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी जेपी सिंह ने पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं. मृतक के भाई की तहरीर पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र निवासी लल्ली, इजरायल, यामीन और शानू शफी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने दबिश देकर लल्ली, शफी और यामीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
0 Comments